Bhopal Minor Girl Rape: एमपी की राजधानी भोपाल में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. मामले में स्पेशल आर्म्ड फोर्स (SAF) में तैनात दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है. पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपी कांस्टेबलों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी कांस्टेबल संतोष जैन पीड़ित का पड़ोसी बताया जा रहा है. घटना जहांगीराबाद थाना क्षेत्र की है.
जांच में सामने आया है कि घटना 22 जुलाई की शाम की है. मुख्य आरोपी, धार में पदस्थ SAF आरक्षक संतोष सेन ने एक परिचित के मोबाइल फोन से छात्रा को संपर्क किया. उसने अपनी बेटी की बर्थडे पार्टी का बहाना बनाकर छात्रा को मिलने के लिए बुलाया.
शाम करीब 6:30 बजे जब नाबालिग लाल परेड ग्राउंड के पास पहुंची, तो वहां संतोष सेन अपने साथी ग्वालियर में तैनात कांस्टेबल जितेंद्र राजपूत के साथ कार में मौजूद था. कार में जितेंद्र का 3-4 साल का बेटा भी बैठा था.
साथी कांस्टेबल बेटे के साथ दे रहा था पहरा
आरोपी संतोष सेन छात्रा को झांसे में लेकर एमपी नगर स्थित एक मकान में ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया. इस पूरी घटना के दौरान दूसरा आरोपी कांस्टेबल जितेंद्र राजपूत अपने छोटे बच्चे के साथ मकान के बाहर खड़ा रहकर पहरा देता रहा और आने-जाने वालों पर नजर रखता रहा.
जीरो एफआईआर दर्ज
घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती बताई. इसके बाद परिजनों के साथ थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई. शुरुआत में भोपाल के कमला नगर पुलिस स्टेशन में जीरो एफआईआर दर्ज की गई, जिसे बाद में संबंधित क्षेत्र के जहांगीराबाद थाने ट्रांसफर किया गया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. पीड़िता के बयानों व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें – ‘सरकारी नौकरी वाला…’, 1 दूल्हे से शादी करने वाली 3 बहनों का खुलासा

शुभम गुप्ता
शुभम गुप्ता को पत्रकारिता में 14 सालों का अनुभव है. क्राइम और राजनीति की खबरों में अच्छी पकड़ है. फील्ड रिपोर्टिंग, लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और उसे दुनिया के सामने परोसना पसंद है. उन्होंने पी सी बागला डिग्री कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस से एमए किया है. उन्होंने पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल किया है. शुभम की पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक आज और राजपथ समाचार पत्र से हुई. इसके बाद हाथरस जिले का लोकल सिटी न्यूज़ चैनल शुरू किया. उन्होंने के न्यूज़, समाचार प्लस, news1 इंडिया में बतौर रिपोर्टर की जिमेदारी भी संभाली है. इसके बाद वो दैनिक भास्कर के डिजिटल विंग से जुड़े. 2017 में वो Tv9 से जुड़े.
Read More