लुधियाना में ट्रैफिक रूल पर धमका कर लूटा: रिटायर बैंक कैशियर का कॉलर पकड़ बोला- मुड़ते समय इंडिकेटर दो, जेब से उड़ाई नकदी - Ludhiana News

Published on 27 जुल॰ 2026

शिवा जी नगर में एक्टिवा सवार को घेर कर उससे ठगी करते बदमाश और खुद का बचाव करने के हाथ जोड़ते एस.के नैय्यर।

लुधियाना में एक्टिवा सवार ठगों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला शिवाजी नगर इलाके का है, जहां पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के रिटायर कैशियर को दो शातिरों ने सड़क पर रोककर बातों में उलझाया और उनकी जेब से 5 हजार रुपये निकालकर फरार हो गए। पूरी वारदात

.

पीड़ित एस.के. नैय्यर, जो पंजाब नेशनल बैंक से रिटायर कैशियर हैं, बैंक में कुछ काम निपटाने के बाद अपनी एक्टिवा पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक्टिवा सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी एक्टिवा लगा दी।

बुजुर्ग एस.के नैय्यर को गली में घेरते बदमाश सीसीटीवी में कैद।

बुजुर्ग एस.के नैय्यर को गली में घेरते बदमाश सीसीटीवी में कैद।

इंडिकेटर को लेकर उलझाया, फिर पकड़ लिया कॉलर

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उनसे कहा कि मोड़ काटते समय उन्होंने इंडिकेटर क्यों नहीं दिया। इसी बात को लेकर दोनों ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया। आरोप है कि इसी दौरान एक ठग ने उनका कॉलर पकड़ लिया और दूसरे ने उनकी शर्ट की ऊपरी जेब में रखे करीब 5 हजार रुपये बड़ी सफाई से निकाल लिए।

जाते-जाते चश्मा पकड़ाया, घर पहुंचने पर पता चली ठगी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जाते समय उनका चश्मा उन्हें थमाते हुए बोले कि यह जमीन पर गिरा पड़ा था। बुजुर्ग उस समय ठगी को समझ नहीं सके। जब वह घर पहुंचे और जेब देखी तो उसमें रखे 5 हजार रुपये गायब थे।

CCTV में कैद हुई वारदात

पीड़ित के बेटे मनीष ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर पता चला कि ठगों ने बेहद शातिर तरीके से उनके पिता की जेब से नकदी निकाली। परिवार को आशंका है कि आरोपी पीएनबी बैंक से ही उनके पिता का पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की शिकायत पुलिस चौकी धर्मपुरा में दी गई है। जांच अधिकारी ईश्वर सिंह मौके पर पहुंचे और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया था।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद शिवाजी नगर क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बुजुर्गों को निशाना बनाकर इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और ऐसे गिरोहों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।