बांकीपुर उपचुनाव: तेजस्वी यादव का जोरदार रोड शो, बोले- प्रशांत किशोर की कोई चर्चा नहीं, सीधी लड़ाई बीजेपी से - Haribhoomi

Published on 27 जुल॰ 2026

बांकीपुर उपचुनाव: तेजस्वी यादव का जोरदार रोड शो, बोले- प्रशांत किशोर की कोई चर्चा नहीं, सीधी लड़ाई बीजेपी से

बांकीपुर उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन तेजस्वी यादव ने मेगा रोड शो किया। तेजस्वी ने दावा किया कि प्रशांत किशोर की कोई चर्चा नहीं है और सीधी टक्कर बीजेपी से है।

Bankipur by-election 2026 Tejashwi Yadav road show

तेजस्वी यादव ने महागठबंधन की उम्मीदवार रेखा गुप्ता के पक्ष में सोमवार को रोड शो किया।

  • Published: 27 Jul 2026, 04:37 PM IST
  • Last Updated: 27 Jul 2026, 04:37 PM IST

Bankipur by-election 2026: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार थमने से ठीक एक दिन पहले सियासी पारा पूरी तरह से चढ़ गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने महागठबंधन की उम्मीदवार रेखा गुप्ता (रेखा कुमारी गुप्ता) के पक्ष में अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए सोमवार को एक भव्य रोड शो निकाला। इस दौरान तेजस्वी ने विरोधियों पर तीखा हमला बोला और बांकीपुर में अपनी जीत का दावा किया।

मीठापुर से शुरू हुआ मेगा रोड शो
सोमवार को तेजस्वी यादव ने मीठापुर मुख्य चुनाव कार्यालय से बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो की शुरुआत की। निकलने से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी ने कहा कि इस बार राजद प्रत्याशी की जीत पूरी तरह से सुनिश्चित है।

VIDEO | Patna: Tejashwi Yadav holds roadshow for RJD Bankipur by-poll candidate Rekha Gupta, says, "Our victory in Bankipur is assured. BJP only wins by Vote Chori, they will see defeat this time."

(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/qt0CJsJKpi

— Press Trust of India (@PTI_News) July 27, 2026

उनका काफिला चांदपुर बेला, सिपारा, विग्रहपुर पोस्टल पार्क, चिरैयाताड़ पुल, गोरिया टोली लालजी टोला होते हुए सब्जीबाग तक पहुंचा। इस दौरान उनके साथ भारी संख्या में राजद समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

'प्रशांत किशोर की कोई चर्चा नहीं, बीजेपी से सीधी टक्कर'
प्रचार के दौरान तेजस्वी यादव ने जनसुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर में जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर की कोई चर्चा ही नहीं है। तेजस्वी ने साफ किया कि मैदान में राजद की सीधी लड़ाई भारतीय जनता पार्टी (BJP) से है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों तक इस सीट पर एक ही परिवार का कब्जा रहा है, लेकिन क्षेत्र में कोई भी विकास कार्य नहीं किया गया। जनता ने अब बदलाव का मन बना लिया है।

बांकीपुर उपचुनाव का राजनीतिक समीकरण
नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हुई है, जिसके कारण यहां उपचुनाव हो रहा है। इस सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प और त्रिकोणीय माना जा रहा है। बीजेपी ने इस बार बूथ स्तर के कार्यकर्ता नीरज सिन्हा को मैदान में उतारा है, जबकि एनडीए ने इसे अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है।

बीजेपी की पूरी फौज बांकीपुर में कैंप कर रही है और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन खुद यहां डटे हुए हैं। सोमवार को नितिन नवीन ने भी रोड शो निकाला, जबकि इससे पहले रविवार को उन्होंने घर-घर जाकर पदयात्रा और जनसंपर्क किया था।

बता दें कि इस सीट पर खुद नितिन नवीन चार बार विधायक रह चुके हैं और उनके पिता नवीन किशोर भी कई बार यहां से चुनाव जीत चुके हैं।

राजद ने दूसरी बार रेखा गुप्ता पर जताया भरोसा
राजद ने एक बार फिर रेखा गुप्ता को चुनावी मैदान में उतारा है। इससे पहले उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव में भी नितिन नवीन के खिलाफ चुनाव लड़ा था और 45 हजार से अधिक वोट हासिल किए थे। वहीं, दूसरी तरफ जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर के कूदने से यह मुकाबला और भी रोचक हो गया है, जहां प्रशांत किशोर का दावा है कि बीजेपी इस बार अपनी यह सीट नहीं बचा पाएगी। फिलहाल, चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।