लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में 6 करोड़ रुपये की संपत्ति पर कब्जे के लिए रची गई हत्या की बड़ी साजिश का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मदरसे के मैनेजर ने 2 लाख रुपये में दो शूटर हायर किए थे। पुलिस ने पिस्टल, कारतूस और चोरी की बाइक सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया
- Published: 21 Aug 2026, 05:54 PM IST
- Last Updated: 21 Aug 2026, 05:54 PM IST
लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने हजरतगंज क्षेत्र में संपत्ति विवाद के चलते रची गई सनसनीखेज हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए बड़ा एक्शन लिया है। एडीसीपी सेंट्रल जितेंद्र दुबे के अनुसार, मदरसा मैनेजर बिलाल हाशमी ने 6 करोड़ की प्रॉपर्टी हड़पने के लिए इरफान अहमद की हत्या की योजना बनाई थी। इसके लिए पेशेवर शूटरों को सुपारी दी गई थी और वे चोरी की बाइक से लगातार रेकी कर रहे थे। पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को दबोचकर उनके पास से अवैध हथियार और चोरी की बाइक बरामद कर ली है।
2 लाख में तय हुए थे शूटर, पैशन प्लस बाइक के साथ दो गिरफ्तार
मामले की शुरुआत 18 अगस्त को हुई जब हजरतगंज पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद जमीर को एक पैशन प्लस बाइक के साथ पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से एक पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्हें एक व्यक्ति इरफान की हत्या के एवज में 2 लाख रुपये मिलने थे। उन्हें हत्या के लिए पिस्टल दी गई थी और फोटो दिखाकर लक्ष्य की पहचान कराई गई थी। इन दोनों से मिली लीड के आधार पर पुलिस ने आगे की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।
अमन कुरैशी की गिरफ्तारी से खुला हत्या की साजिश का पूरा जाल
शाहिद और जमीर से मिले इनपुट के बाद पुलिस ने पांच टीमों को सक्रिय किया और सर्विलांस की मदद से 21 अगस्त की रात करीब 2:15 बजे अमन कुरैशी को लक्ष्मण मेला पार्क के पास से दबोच लिया। पूछताछ में अमन ने बताया कि चौक निवासी अधिवक्ता सोहैल अहमद सिद्दीकी और फरहान सिद्दीकी ने उसे इरफान की हत्या के लिए शूटरों की व्यवस्था करने को कहा था। दोनों ने ही उसे इरफान की फोटो और पहचान छिपाने के लिए अलग मोबाइल व सिम इस्तेमाल करने के निर्देश दिए थे। इस खतरनाक साजिश की तैयारी पिछले एक महीने से चल रही थी। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन के पास से चुराई गई थी, जिसकी रिपोर्ट गाजीपुर थाने में दर्ज है।
मदरसे की संपत्ति से जुड़ा था पूरा विवाद, 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य साजिशकर्ता बिलाल हाशमी मकबूल नगर, फरीदीपुर स्थित मदरसा जामिया अनवर अल इस्लामिया का मैनेजर है। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करता है और मदरसे से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज उसके पास रहते हैं। बिलाल को इरफान की संपत्तियों की पूरी जानकारी थी, जिसके चलते उसने संपत्ति पर अवैध कब्जा जमाने के लिए उसे रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रचा था। 21 अगस्त को पुलिस ने बिलाल हाशमी, सोहैल अहमद सिद्दीकी और फरहान सिद्दीकी को बैकुंठधाम बंधा रोड के पास से धर दबोचा। इस प्रकार पुलिस ने शाहिद, जमीर और अमन समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।