पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर प्रो. (डॉ.) राजीव चौधरी का चयन भारत सरकार के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए हुआ है।
.
शिक्षा मंत्रालय और पत्र सूचना कार्यालय की ओर से जारी सूची में उनका नाम देशभर से चुने गए 21 उत्कृष्ट शिक्षकों और संकाय सदस्यों में शामिल है। प्रो. चौधरी का चयन शारीरिक शिक्षा और योग शिक्षा के क्षेत्र में किया गया है।
उन्हें 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करेंगी।
शिक्षण के साथ रिसर्च और योग के क्षेत्र में काम
प्रो. चौधरी लंबे समय से उच्च शिक्षा, शारीरिक शिक्षा, योग, रिसर्च और नवाचार के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षण को केवल क्लासरूम तक सीमित नहीं रखा, बल्कि रिसर्च, योग और स्वास्थ्य जागरूकता, खेल विकास, विद्यार्थी कल्याण और समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा।
उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों में कई रिसर्च पेपर और पुस्तकों का प्रकाशन, शोधार्थियों का मार्गदर्शन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अकादमिक सहभागिता शामिल है। शारीरिक शिक्षा और योग के क्षेत्र में नए शोध और प्रयोग भी उनके काम का हिस्सा रहे हैं।
विश्वविद्यालय में निभा चुके हैं कई जिम्मेदारियां
प्रो. चौधरी पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और अकादमिक जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं। विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों के बीच उनकी पहचान शिक्षक, शोधकर्ता, खेल एवं योग विशेषज्ञ और अकादमिक नेतृत्वकर्ता के रूप में है।
सम्मान को विद्यार्थियों और सहयोगियों को समर्पित किया
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन होने पर विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों ने प्रो. चौधरी को बधाई दी। विश्वविद्यालय परिवार ने इसे रायपुर विश्वविद्यालय के साथ पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया।
प्रो. चौधरी ने चयन के लिए भारत सरकार, शिक्षा मंत्रालय, चयन समिति, विश्वविद्यालय नेतृत्व और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा, शारीरिक शिक्षा और योग शिक्षा के लिए भी गौरव का विषय है।
उन्होंने यह सम्मान अपने विद्यार्थियों, शोधार्थियों, सहकर्मियों, परिवार और शुभचिंतकों को समर्पित किया।
देशभर से 21 शिक्षकों का चयन
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक संस्थानों से कुल 21 उत्कृष्ट शिक्षकों और संकाय सदस्यों का चयन किया गया है। प्रो. राजीव चौधरी इस सूची में शामिल छत्तीसगढ़ के प्रमुख नामों में हैं।