रक्षाबंधन के पावन पर्व पर योगी सरकार की ओर से महिलाओं और उनके सहयात्रियों को दी गई निशुल्क बस यात्रा की सौगात से प्रदेश भर में यात्रियों ने नया रिकॉर्ड बनाया है। शनिवार शाम 5 बजे तक करीब 80 लाख महिलाएं और उनके सहयात्री उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में मुफ्त सफर का लाभ उठा चुके थे।
योगी सरकार की इस योजना ने न केवल बहनों का सफर आसान किया, बल्कि त्योहार के मौके पर आम परिवारों के आर्थिक बोझ को भी काफी हद तक कम कर दिया।
- Published: 30 Aug 2026, 09:33 AM IST
- Last Updated: 30 Aug 2026, 09:33 AM IST
उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर शुरू की गई तीन दिवसीय निशुल्क बस यात्रा योजना को प्रदेशवासियों का जबरदस्त समर्थन मिला। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में 27 अगस्त से शुरू हुई यह सुविधा शनिवार (29 अगस्त) रात 12 बजे तक जारी रही।
28 अगस्त को रक्षाबंधन के मुख्य दिन ही अकेले 49.96 लाख से अधिक महिलाओं और उनके सहयात्रियों ने बिना कोई किराया दिए अपने गंतव्य तक का सफर तय किया।
रक्षाबंधन के दिन ही 50 लाख के करीब पहुंचे लाभार्थी
परिवहन निगम के आंकड़ों के मुताबिक, योजना के पहले दिन 27 अगस्त को 9.26 लाख से ज्यादा यात्रियों ने निशुल्क सफर किया, जिसमें 6.03 लाख से अधिक महिलाएं और 3.22 लाख सहयात्री शामिल थे। इसके बाद 28 अगस्त को निशुल्क यात्रा करने वालों का आंकड़ा तेजी से बढ़ा।
इस दिन कुल 49.96 लाख से अधिक निशुल्क टिकट जारी किए गए। इनमें 32.47 लाख महिलाएं और 17.48 लाख सहयात्री शामिल रहे, जिससे बहनों को भाइयों के घर पहुंचने में काफी सहूलियत हुई।
दो दिन में 59.23 लाख यात्रियों को मिला सीधा फायदा
केवल गुरुवार 27 अगस्त और शुक्रवार 28 अगस्त के आंकड़ों को जोड़ें तो दो दिन के भीतर ही 59.23 लाख से अधिक निशुल्क टिकट जारी किए जा चुके थे। इनमें 38.51 लाख से अधिक महिलाएं और 20.71 लाख से अधिक सहयात्री शामिल रहे।
योगी सरकार की इस योजना ने न केवल बहनों का सफर आसान किया, बल्कि त्योहार के मौके पर आम परिवारों के आर्थिक बोझ को भी काफी हद तक कम कर दिया।
बुजुर्ग महिलाओं के लिए जारी हुए 'शून्य शुल्क टिकट'
इस बार की यात्रा में बुजुर्ग महिलाओं को विशेष प्राथमिकता और राहत दी गई। ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की बुजुर्ग महिलाओं को भी बसों में यात्रा के दौरान 'शून्य शुल्क टिकट' जारी किए गए।
28 अगस्त को यात्रा करने वाली 32.47 लाख महिलाओं में बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल रहीं। परिवहन निगम इस योजना का लगातार प्रचार-प्रसार कर रहा है ताकि सभी पात्र बुजुर्ग महिलाएं इसका लाभ उठा सकें।
सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए परिवहन निगम की खास व्यवस्था
यूपीएसआरटीसी के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए निगम ने पहले से ही व्यापक इंतजाम किए थे।
प्रमुख बस स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के साथ-साथ अधिक से अधिक बसों का संचालन किया गया। शनिवार रात 12 बजे तक जारी रहे इनपुट्स के बाद अंतिम आंकड़ों में लाभार्थियों की संख्या और अधिक बढ़ने की उम्मीद जताई गई है।