Ramayana Trailer: रणबीर कपूर की 'रामायण' ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड, फिर भी प्रभास की 'आदिपुरुष' से रह गई पीछे

Published on 1 अग॰ 2026

Ramayana Trailer Views: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होते ही इंटरनेट पर छा गया. शानदार विजुअल्स, दमदार VFX और भव्य स्केल की वजह से ट्रेलर को ऑडियंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला. रिलीज के बाद से ही ये सोशल मीडिया पर लगातार ट्रेंड कर रहा है और फैंस इसे भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सिनेमाई इवेंट्स में से एक बता रहे हैं. हालांकि, इतनी शानदार शुरुआत के बावजूद फिल्म एक बड़े रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गई.

जब से ‘रामायण‘ का ट्रेलर रिलीज हुआ है, चारों तरफ सिर्फ इसी फिल्म की बातें हो रही हैं. रावण बने यश और राम बने रणबीर कपूर ने मानों सोशल मीडिया हैक कर लिया हो. साथ ही, इसके VFX की भी जमकर तारीफ हो रही है. लेकिन ट्रेलर व्यूज के मामले में ये ‘आदिपुरुष’ का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकी. रणबीर कपूर की ‘रामायण’ अभी भी ट्रेलर व्यूअरशिप के मामले में ‘आदिपुरुष’ से पीछे है.

‘आदिपुरुष’ का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई ‘रामायण’

ऑनलाइन ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, ‘रामायण’ पहले 24 घंटे में यूट्यूब पर सबसे ज्यादा देखे गए भारतीय फिल्म ट्रेलर का रिकॉर्ड अपने नाम नहीं कर पाई. ट्रेलर को सोनी के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल और वर्ल्ड ऑफ रामायण (WOR) चैनल पर एक साथ कई भाषाओं में रिलीज किया गया था. इसके बावजूद फिल्म प्रभास स्टारर ‘आदिपुरुष’ के ट्रेलर के व्यूज को पीछे नहीं छोड़ सकी.

यह भी पढ़ें – 40 साल पहले आए सीरियल से कितनी अलग है 4000 करोड़ में बनी Ramayana की कास्ट, यहां देखें कम्पेरिजन

मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण’ के हिंदी ट्रेलर को पहले 24 घंटे में करीब 3.64 करोड़ (36.4 मिलियन) व्यूज मिले. वहीं, सभी भाषाओं को मिलाकर ट्रेलर ने लगभग 4.5 करोड़ (45 मिलियन) व्यूज हासिल किए. हालांकि, फिल्म के मेकर्स ने अभी तक पहले 24 घंटे के आधिकारिक व्यूअरशिप आंकड़े जारी नहीं किए हैं.

ट्रेलर्स की टॉप-20 लिस्ट में बनाई जगह

अगर ये आंकड़े सही साबित होते हैं, तो ‘रामायण’ पहले 24 घंटे में यूट्यूबर पर सबसे ज्यादा देखे गए भारतीय फिल्म ट्रेलर्स की टॉप-20 लिस्ट में अपनी जगह बना लेगी. फिलहाल अनुमान के मुताबिक, ट्रेलर इस लिस्ट में 19वें स्थान पर है. इसके ठीक ऊपर ‘ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम (GOAT)’ है, जिसके ट्रेलर को पहले 24 घंटे में करीब 5 करोड़ (50 मिलियन) व्यूज मिले थे. यह जानकारी IMDb के आंकड़ों के आधार पर सामने आई है. वहीं, ‘आदिपुरुष’ अब भी इस ऑल-टाइम लिस्ट में चौथे स्थान पर कायम है. प्रभास स्टारर इस फिल्म के ट्रेलर ने रिलीज के पहले 24 घंटे में करीब 7.42 करोड़ (74.2 मिलियन) व्यूज हासिल किए थे.

टॉप-3 में इन फिल्मों का दबदबा

पहले 24 घंटे में सबसे ज्यादा देखे गए भारतीय फिल्म ट्रेलर्स की लिस्ट में पहला स्थान ‘Salaar’ के नाम है, जिसके ट्रेलर को करीब 11.32 करोड़ (113.2 मिलियन) व्यूज मिले थे. दूसरे नंबर पर ‘केजीएफ चैप्टर 2’ है, जिसने 10.65 करोड़ (106.5 मिलियन) व्यूज हासिल किए. वहीं, तीसरे स्थान पर ‘पुष्पा 2’ है, जिसके ट्रेलर को पहले 24 घंटे में 10.42 करोड़ (104.2 मिलियन) व्यूज मिले.

रामायण ट्रेलर 2026

हालांकि, ‘रामायण’ ट्रेलर व्यूज के मामले में ‘आदिपुरुष’ का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकी, लेकिन फिल्म को लेकर बज बहुत ज्यादा बना हुआ है. नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है. नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. ये फिल्म दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

सना चौधरी

सना चौधरी

सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया.  इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.

Read More

google button