कॉमेडियन रौनक राजानी ने मुंबई प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर उनकी पत्नी के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट शेयर कर FIR दर्ज करने की मांग की है
रौनक राजानी का पुलिस पर फूटा गुस्सा
- Published: 27 Jul 2026, 04:18 PM IST
- Last Updated: 27 Jul 2026, 04:18 PM IST
Raunaq Rajani: मुंबई में हुए छात्र प्रदर्शन के बाद स्टैंडअप कॉमेडियन रौनक राजानी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि प्रदर्शन के दौरान हुई धक्का-मुक्की में उनकी पत्नी हीना घायल हो गई। बाद में मेडिकल जांच में उनकी पसली में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई। इस पूरे मामले को लेकर रौनक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया है।
कुछ दिन बाद हुआ चोट का पता
रौनक के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद उन्हें नहीं लगा था कि चोट इतनी गंभीर है। उनकी पत्नी को लगातार पसलियों में दर्द बना रहा। जब डॉक्टर से जांच कराई गई और एक्स-रे हुआ, तब पता चला कि उनकी एक पसली टूट गई है। रौनक का कहना है कि इसके बाद उन्होंने पूरी घटना से जुड़े वीडियो और मेडिकल दस्तावेज लोगों के सामने रखने का फैसला किया।
वीडियो में क्या है?
कॉमेडियन ने अपने वीडियो में कई क्लिप्स जोड़कर बताया कि प्रदर्शन के दौरान क्या हुआ था। उनका दावा है कि वीडियो में पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने का पूरा घटनाक्रम दिखाई देता है। रौनक के अनुसार, वह और उनकी पत्नी एक युवक को हिरासत में लिए जाने का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें भी रोक लिया। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बल प्रयोग करते हुए उन्हें पुलिस वाहन तक पहुंचाया।
पुलिसकर्मियों पर लगाए आरोप
रौनक का कहना है कि पुलिस वाहन के अंदर भी उनकी पत्नी के साथ धक्का-मुक्की हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि एक पुलिसकर्मी ने उनकी पत्नी को लात मारी, जिससे उनकी पसली में चोट आई। रौनक ने यह भी दावा किया कि इस दौरान उन्हें भी चोट लगी और उनकी गर्दन में मोच आ गई।
शिकायत दर्ज कराई
रौनक ने बताया कि उन्होंने इस मामले में शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में शिकायत दी है। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और अगर किसी पुलिसकर्मी की गलती साबित होती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़े- 'मैंने तुम्हें हल्के में लिया, माफ करना Gen Z': धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सोनाक्षी सिन्हा का Video Viral