Roadies Rebirth 2026: 21वें सीजन का पंचकूला में प्रमोशन, नए फॉर्मेट के साथ वापसी करेगा पॉपुलर रियलिटी शो

Published on 7 सित॰ 2026

September 7, 2026

Roadies Rebirth 2026: 21वें सीजन का पंचकूला में प्रमोशन, नए फॉर्मेट के साथ वापसी करेगा पॉपुलर रियलिटी शो

Roadies Rebirth 2026: देश के चर्चित रियलिटी शो ‘रोडीज’ के 21वें सीजन को लेकर ऑडिशन का दौर जारी है। इसी सिलसिले में शो के गैंग लीडर्स और बॉलीवुड से जुड़े कलाकार हरियाणा के पंचकूला में आयोजित एक प्रमोशनल इवेंट में नजर आए। इस दौरान शो के आगामी सीजन और इसके बदलते फॉर्मेट को लेकर कलाकारों ने मीडिया से बातचीत की और कई अहम बातें साझा कीं।

‘रोडीज’ के गैंग लीडर और जज रणविजय सिंह ने सोमवार को कहा कि शो की लगातार 20 वर्षों की सफलता का सबसे बड़ा कारण समय के साथ इसका बदलते रहना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हर दौर में युवाओं की सोच और उनकी प्राथमिकताएं बदलती हैं, उसी तरह ‘रोडीज’ के कॉन्सेप्ट में भी बदलाव किया जाता है। रणविजय के मुताबिक, उनके दौर का ‘रोडीज’ अलग था और प्रिंस नरूला के समय शो का फॉर्मेट पहले ही बदल चुका था। अब 21वें सीजन में शो को ‘रोडीज रीबर्थ’ के रूप में पेश किया जा रहा है, जिसमें छह गैंग लीडर्स को दो ग्रुप में बांटा गया है।

ये भी पढे़ं :–https://dainiksaveratimes.com/entertainment/jacqueline-fernandez-mcoca-case-delhi-court-police-response/

रणविजय ने बताया कि पहले ग्रुप में ओजी यानी पुराने और अनुभवी गैंग लीडर्स शामिल हैं, जबकि दूसरे ग्रुप में न्यूजी यानी नए चेहरे हैं। ओजी ग्रुप में निखिल चिनप्पा, नेहा धूपिया और प्रिंस नरूला नजर आएंगे। वहीं न्यूजी ग्रुप में अभिषेक मल्हान, बासिर अली और गुरबानी, जिन्हें बानी जे या वीजे बानी के नाम से भी जाना जाता है, शामिल हैं। रणविजय ने निखिल चिनप्पा के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि एमटीवी की नींव रखने में उनकी अहम भूमिका रही है और इसके बाद कई लोगों ने अपने योगदान से इसे आगे बढ़ाया।

‘रोडीज रीबर्थ’ में नए गैंग लीडर के तौर पर शामिल हुए यूट्यूबर अभिषेक मल्हान ने बताया कि जब उन्हें छह गैंग लीडर्स के बारे में जानकारी मिली, तो उन्हें लगा था कि शो में छह अलग-अलग गैंग होंगे। हालांकि, बाद में उन्हें पता चला कि इस बार शो का मुख्य कॉन्सेप्ट ‘पुराने बनाम नए’ पर आधारित है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शो से जुड़े ओजी गैंग लीडर्स एक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं और उस विरासत का हिस्सा बनना उनके लिए रोमांचक अनुभव होगा। अभिषेक ने ‘रोडीज’ को एक शानदार जर्नी बताते हुए कहा कि इंटरनेट के दौर में काफी बदलाव आया है, लेकिन शो आज भी उन युवाओं को मंच देता है, जो जीवन में कुछ हासिल करना चाहते हैं।

प्रिंस नरूला ने कहा कि ‘रोडीज’ के ऑडिशन के दौरान युवाओं की लंबी कतारें देखने को मिलती हैं और बड़ी संख्या में लोग इसमें अपनी किस्मत आजमाने पहुंचते हैं। उनके मुताबिक, इस शो की खासियत यह है कि आम लोग ऑडिशन के जरिए यहां आते हैं और आगे चलकर पहचान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि ‘रोडीज’ युवाओं को अपनी बात रखने और समाज तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का अवसर देता है। 21वें सीजन में ‘ओल्ड वर्सेज न्यू’ का मुकाबला देखने को मिलेगा और गैंग्स के बीच होने वाली टक्कर भी दर्शकों के लिए दिलचस्प होगी।

बॉलीवुड एक्टर और प्रोड्यूसर नेहा धूपिया ने इसे ‘रोडीज’ का नया जन्म बताते हुए कहा कि शो को शुरू हुए 21 वर्ष हो चुके हैं और इस बार पुराने चेहरों के साथ नए गैंग लीडर्स का शामिल होना खास है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी दूसरे व्यक्ति की तरह बनने की कोशिश न करें, बल्कि अपनी खुद की यात्रा पर ध्यान दें। वहीं, डीजे निखिल चिनप्पा ने ‘रीबर्थ’ थीम को कंटेस्टेंट्स के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शो में आने वाला कोई भी युवा अपनी पहचान बना सकता है और अपनी जिंदगी बदल सकता है। निखिल ने आयुष्मान खुराना और रणविजय के साथ-साथ प्रिंस, बानी, बसीर, वरुण सूद, दिव्या और प्रियांक जैसे नामों का उदाहरण देते हुए कहा कि ‘रोडीज’ ने छोटे-बड़े शहरों के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया है।