मध्य रेल RPF की बड़ी कार्रवाई, ट्रेनों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, लाखों के सोने के गहने बरामद| Navbharat Live

Published on 22 जुल॰ 2026

विज्ञापन

सार

Railway Crime News: मध्य रेल RPF ने ट्रेनों में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये के सोने के गहने बरामद किए। 500 से अधिक CCTV खंगालकर पुणे और सोलापुर में बड़ी कार्रवाई की गई।

central railway rpf busted train theft cases recovered gold jewelry

रेल्वे पुलिस कार्रवाई की सांकेतिक फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)

विस्तार

Central Railway RPF Busted Train Theft Cases: मुंबई मध्य रेल के रेलवे सुरक्षा बल ने दो अलग-अलग ऑपरेशन में ट्रेनों में हुई सोने के गहनों की चोरी के मामलों को सुलझाकर लाखों रुपये के स्वर्ण आभूषण बरामद किए हैं। पहले मामले में महाराष्ट्र एक्सप्रेस में 18 तोला सोना चोरी के आरोपी को पुणे स्टेशन से गिरफ्तार किया है।

10 फरवरी 2026 को ट्रेन संख्या 11039 महाराष्ट्र एक्सप्रेस में पुणे से मिरज की यात्रा कर रहे एक यात्री के कोच A-1 से बैग चोरी हो गया। बैग में 181 ग्राम यानी 18.1 तोला सोने के आभूषण रखे थे। शिकायत मिलते ही आरपीएफ पुणे की तेजस्विनी क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड, लोकल क्राइम ब्रांच और जीआरपी पुणे की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

टीम ने कल्याण, ठाणे, दादर, पनवेल, तलोजा समेत 500 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। खुफिया जानकारी और आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी की पहचान संतोष चंद्रकांत राणे (49), निवासी मुंबई के रूप में हुई। वह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ रत्नागिरी, नासिक जीआरपी और संगमेश्वर थाने में भी संपत्ति संबंधी मामले दर्ज हैं।

सम्बंधित ख़बरें

लगातार निगरानी के बाद 15 जून 2026 को आरोपी को पुणे रेलवे स्टेशन पर जाल बिछाकर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने चोरी कबूल की। जीआरपी मिरज में BNS की धारा 305 और 305(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बीकानेर एक्सप्रेस से 9 लाख के गहने उड़ाए

दूसरे मामले में बीकानेर एक्सप्रेस में 9 लाख के कंगन और ट्रॉली बैग चोरी का आरोपी सोलापुर में पकड़ा गया। 27 जून 2026 को ट्रेन संख्या 16587 बीकानेर एक्सप्रेस में चोरी की दो शिकायतें मिलीं। पहली शिकायत में कोच A-2 से 60 ग्राम सोने के कंगन, कीमत करीब 9.05 लाख रुपये का महिला पर्स चोरी हुआ था।

दूसरी शिकायत में कोच A-1 से कपड़े और नकली गहनों से भरा 50 हजार रुपये का ट्रॉली बैग गायब था। आरपीएफ सोलापुर, CIB, CPDS और जीआरपी सोलापुर की संयुक्त टीम ने सोलापुर स्टेशन के CCTV फुटेज जांचे। एक संदिग्ध व्यक्ति को पर्स और ट्रॉली बैग लेकर उतरते देखा गया। वह कपड़े बदलकर ट्रेन संख्या 12701 हुसैनसागर एक्सप्रेस से कलबुरगि भाग गया। तकनीकी निगरानी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी राजन कुमार श्रीवास्तव (57), निवासी रांची, झारखंड की पहचान हुई। वह सोलापुर के हीरा-मोती लॉज में ठहरा था। गांधी चौक के पास उसे उस समय पकड़ा गया जब वह ट्रेन संख्या 16614 राजकोट एक्सप्रेस से मुंबई भागने की फिराक में था।

यह भी पढ़ें: मुंबई में भारी बारिश के बीच कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने वडेट्टीवार सहित दिग्गजों को हिरासत में लिया

पूछताछ में आरोपी ने चोरी स्वीकार की और सारा सामान बरामद कर जीआरपी सोलापुर को सौंपा गया। उसके खिलाफ BNS की धारा 305 और 305(सी) में मामला दर्ज है। अधिकारियों का कहना है कि इन दोनों मामलों का खुलासा आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई, CCTV विश्लेषण और अंतर-एजेंसी समन्वय से संभव हुआ।

Follow Navbharatlive whatsapp