बिहार पुलिस और SBI ने शुरू किया 'साइबर सिक्योर बिहार' अभियान, पूरे राज्य में चलेगा साइबर अवेयरनेस प्रोग्राम

Published on 22 जुल॰ 2026

PATNA: बिहार में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बिहार पुलिस और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने संयुक्त रूप से 'साइबर सिक्योर बिहार' अभियान की शुरुआत की है। पटना में आयोजित समारोह में अभियान का शुभारंभ किया गया। इसके तहत पूरे राज्य में स्कूलों, कॉलेजों, बैंकों और विभिन्न संस्थानों में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और जनसंवाद आयोजित किए जाएंगे, ताकि नागरिक सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।

बिहार पुलिस एवं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की संयुक्त पहल "साइबर सिक्योर बिहार" का शुभारंभ आज भारतीय स्टेट बैंक, स्थानीय प्रधान कार्यालय (एलएचओ), पटना में आयोजित एक गरिमामय समारोह में किया गया। इस अभियान का उद्देश्य इंटेनेक्स्ट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से राज्यभर में से साइबर सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में श्री कुंदन कृष्णन, आईपीएस, पुलिस महानिदेशक (विशेष शाखा), बिहार, श्री रंजीत कुमार मिश्रा, आईपीएस, पुलिस महानिरीक्षक, साइबर क्राइम एवं सिक्योरिटी यूनिट (CCSU), बिहार पुलिस, तथा श्री अनुराग जोशी, मुख्य महाप्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, पटना मंडल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में श्री कुंदन कृष्णन, आईपीएस ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता है। यदि प्रत्येक नागरिक सतर्क, जागरूक एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाए, तो अधिकांश साइबर अपराधों को रोका जा सकता है।

श्री रंजीत कुमार मिश्रा, आईपीएस ने कहा कि साइबर अपराधी लोगों की अनभिज्ञता और जल्दबाजी का लाभ उठाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, बैंकिंग विवरण अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें, संदिग्ध लिंक एवं क्यूआर कोड से सावधान रहें तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

श्री अनुराग जोशी, मुख्य महाप्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, पटना मंडल ने कहा कि सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देना भारतीय स्टेट बैंक की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस एवं इंटेनेक्स्ट सॉल्यूशंस के साथ यह संयुक्त अभियान ग्राहकों एवं आम नागरिकों में डिजिटल सुरक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता को और सुदृढ़ करेगा।

इस अवसर पर श्री अभिनव दास, संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक, इंटेनेक्स्ट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, कैंपेन लीड – साइबर सिक्योर बिहार तथा साइबर सुरक्षा विषयक पुस्तकों के लेखक ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, बैंकों, सरकारी संस्थानों एवं विभिन्न समुदायों में साइबर जागरूकता कार्यशालाएँ, जनसंवाद, सोशल मीडिया अभियान, जागरूकता वीडियो, पॉडकास्ट, क्विज़, नुक्कड़ नाटक तथा अन्य जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विशेष रूप से विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, पेंशनभोगियों, बैंक ग्राहकों, सरकारी कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं परिवारों में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा पर आधारित सचित्र पुस्तक "Be the Next Cyber Champ" का भी परिचय कराया गया। यह पुस्तक बच्चों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के लिए साइबर सुरक्षा को सरल, रोचक एवं व्यवहारिक रूप में समझाने का एक प्रयास है।

इस अवसर पर श्री योगेन्द्र एन. शेलके, महाप्रबंधक (दक्षिण बिहार), श्री बिजय कुमार सामल, महाप्रबंधक (उत्तर बिहार), श्री बेनुधर परही, महाप्रबंधक (झारखंड), श्री मनीष कुमार, उप महाप्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, तथा सुश्री सुप्रिया , निदेशक, इंटेनेक्स्ट सॉल्यूशंस भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन "साथ मिलकर बनाएँ एक सुरक्षित डिजिटल बिहार" के संकल्प के साथ हुआ। यह अभियान बिहार पुलिस, भारतीय स्टेट बैंक एवं इंटेनेक्स्ट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त प्रयासों से पूरे राज्य में साइबर सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल वातावरण के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरगामी पहल सिद्ध होगा।