दिल्ली की इनफ्लुएंसर से मुजफ्फरपुर के होटल में रेप, SSB के ASI ने मिलने बुलाया था; वीडियो बनाकर वसूले ₹20000

Published on 10 सित॰ 2026

Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में दिल्ली की एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक ASI और उसके साथी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला ने नगर थाना पुलिस को ऑनलाइन शिकायत देकर आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर वायरल करने और फॉलोअर्स बढ़ाने का झांसा देकर उसे मुजफ्फरपुर बुलाया गया. यहां स्टेशन रोड स्थित एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया गया और घटना का वीडियो बनाकर बाद में उसे ब्लैकमेल किया गया. महिला ने आरोप लगाया है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 20 हजार रुपए भी वसूले गए.

मुजफ्फरपुर बुलाने का आरोप

दिल्ली निवासी महिला के मुताबिक, SSB के कम्युनिकेशन विंग में तैनात एक ASI ने सोशल मीडिया के जरिए उससे संपर्क किया था. आरोप है कि ASI ने महिला को सोशल मीडिया पर लोकप्रिय बनाने और उसके फॉलोअर्स बढ़ाने का भरोसा दिया. इसके बाद उसे 7 दिसंबर 2025 को मुजफ्फरपुर बुलाया गया. महिला अपने दो साल के बच्चे के साथ दिल्ली से मुजफ्फरपुर पहुंची. शिकायत के मुताबिक, यहां उसके ठहरने के लिए स्टेशन रोड स्थित एक होटल में कमरा बुक कराया गया था.

ये भी पढ़ें- बिहार के वैशाली में गिरा निर्माणाधीन पुल का ढांचा, 7 लोग घायल

होटल में दुष्कर्म और वीडियो बनाने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि होटल में ASI के एक साथी ने उसके साथ दुष्कर्म किया. आरोप है कि इस दौरान घटना का वीडियो भी बना लिया गया. महिला के मुताबिक, जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके दो साल के बच्चे को जान से मारने की धमकी दी. शिकायत के अनुसार, बच्चे की सुरक्षा को लेकर डर की वजह से महिला उस समय ज्यादा विरोध नहीं कर सकी. इसके बाद वह अगले दिन दिल्ली लौट गई.

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे पैसे

महिला ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगे. आरोप है कि वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे 20 हजार रुपए भी वसूल किए गए. पीड़िता का कहना है कि जब आरोपियों की मांग लगातार बढ़ने लगी तो उसने पूरी घटना अपने पति को बताई. इसके बाद उसने मामले की शिकायत करने का फैसला किया.

SSB मुख्यालय में शिकायत, बयान बदलने का दबाव?

महिला के मुताबिक, उसने सबसे पहले SSB मुख्यालय को ऑनलाइन शिकायत भेजी थी. इसके बाद मुजफ्फरपुर सेक्टर मुख्यालय की ओर से उसे बयान दर्ज कराने के लिए 7 सितंबर को बुलाया गया. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वहां उस पर शिकायत वापस लेने और अपना बयान बदलने का दबाव बनाया गया. महिला ने अपनी ऑनलाइन शिकायत में इस संबंध में भी आरोप लगाए हैं.

पुलिस ने कहा- शिकायत की जांच होगी

इधर, नगर थाना पुलिस ने महिला की ओर से ऑनलाइन आवेदन मिलने की पुष्टि की है. पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी. पुलिस के मुताबिक, जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

संजीव कुमार

संजीव कुमार

भारत 24, इंडिया टीवी, इंडिया न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, न्यूज एक्स, फोकस न्यूज, कशिश न्यूज, ताजा टीवी, सीएनइबी न्यूज, रफ्तार टीवी और लाइव इंडिया में 18 साल से ज्यादा के काम का अनुभव.

Read More

google button