लॉन्च होते ही कंपनी की बेस्ट सेलिंग कार बनी ये SUV, Duster से लेकर Creta तक को दे रही टक्कर

Published on 11 अग॰ 2026

निसान इंडिया के लिए जुलाई का महीना काफी खास रहा. कंपनी की नई मिडसाइज SUV Tekton लॉन्च होने के सिर्फ एक महीने के अंदर ही निसान की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बन गई है. कंपनी ने इसे 9 जुलाई को भारतीय बाजार में लॉन्च किया था. जुलाई में Tekton की कुल 1,670 यूनिट डीलर्स तक भेजी गईं. निसान की कुल 4,518 पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री में Tekton की हिस्सेदारी करीब 37 फीसदी रही. कंपनी की बिक्री में सालाना आधार पर 218 फीसदी की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. पिछले साल जुलाई में निसान ने कुल 1,420 पैसेंजर व्हीकल भेजे थे.

जुलाई में Magnite कंपनी की दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही. इसकी 1,462 यूनिट डीलर्स तक पहुंचाई गईं. कुल बिक्री में Magnite की हिस्सेदारी करीब 32 फीसदी रही. वहीं, Gravite MPV की 1,386 यूनिट डिस्पैच हुईं और इसकी हिस्सेदारी करीब 31 फीसदी रही. यानी पहली बार निसान के पास बिक्री में योगदान देने वाले तीन मजबूत मॉडल मौजूद हैं. लंबे समय तक निसान की बिक्री मुख्य रूप से Magnite पर निर्भर थी, लेकिन फरवरी 2026 में Gravite और जुलाई में Tekton की एंट्री के बाद कंपनी का मॉडल पोर्टफोलियो मजबूत हुआ है.

कीमत और इंजन

Tekton की कीमत ₹10.49 लाख से शुरू होकर ₹18.50 लाख तक जाती है. इसके 12 वेरिएंट बाजार में उपलब्ध हैं. Tekton में दो टर्बो-पेट्रोल इंजन का विकल्प मिलता है. पहला 1.0 लीटर 3-सिलेंडर इंजन है, जो 100hp की पावर देता है. दूसरा 1.3 लीटर 4-सिलेंडर टर्बो इंजन है, जो 163hp की पावर देता है. 1.0 लीटर इंजन के साथ सिर्फ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है. वहीं, 1.3 लीटर इंजन के साथ 6-स्पीड वेट-क्लच DCT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प भी दिया गया है.

फीचर्स में भी है काफी कुछ

Tekton में 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, वायरलेस चार्जिंग, वेंटिलेटेड और पावर्ड फ्रंट सीटें, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और 48-कलर एम्बिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं. इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, 6-स्पीकर Arkamys साउंड सिस्टम, रियर AC वेंट्स, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay और लेदरेट सीट्स भी मिलती हैं.

Tekton के सामने बड़ी चुनौती

लॉन्च के सिर्फ एक महीने बाद Tekton का निसान की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनना कंपनी के लिए अच्छी शुरुआत है. हालांकि, मिडसाइज SUV सेगमेंट में पहले से कई मजबूत खिलाड़ी मौजूद हैं. ऐसे में आने वाले महीनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि Tekton अपनी बिक्री की रफ्तार को कितने समय तक बनाए रख पाती है. मिडसाइज SUV सेगमेंट में मुकाबला काफी कड़ा है. Tekton का मुकाबला Hyundai Creta, Maruti Grand Vitara, Kia Seltos, Toyota Hyryder, Tata Sierra, Skoda Kushaq, Volkswagen Taigun, Honda Elevate और Renault Duster जैसी SUVs से है. सेफ्टी के मामले में भी Tekton मजबूत है. इसे Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है.

ये भी पढ़ें- Mahindra Thar भी हो जाएगी लग्जरी! इस दिन लॉन्च हो सकता है SUV का नया मॉडल

महेंद्र भार्गव

महेंद्र भार्गव

महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.

Read More

google button