'T20 को क्रिकेट मत कहो...' पंजाब किंग्स के कोच रिकी पॉन्टिंग ने ICC को क्यों दी ये सलाह?

Published on 5 सित॰ 2026

'T20 को क्रिकेट मत कहो...' पंजाब किंग्स के कोच रिकी पॉन्टिंग ने ICC को क्यों दी ये सलाह?

रिकी पॉन्टिंग ने क्रिकेट को प्रमोट करने के लिए गजब का बयान दियाImage Credit source: PTI

टी20 फॉर्मेट के आने के बाद से ही क्रिकेट की कई देशों में एंट्री हुई है और कई नए देशों ने वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट में भी अपनी जगह बनाई है. ओमान, थाईलैंड से लेकर अमेरिका और इटली जैसी टीमें भी अपनी पहचान बना रही हैं. मगर क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक और IPL में पंजाब किंग्स के कोच रिकी पॉन्टिंग ने ICC को एक ऐसी सलाह दी है, जिसने ध्यान खींचा है. पॉन्टिंग ने कहा है कि टी20 फॉर्मेट को क्रिकेट कहना बंद कर देना चाहिए, तभी जाकर वो अमेरिका जैसे देश में सफल हो पाएगा.

अमेरिका में पिछले कुछ सालों में टी20 फॉर्मेट की मदद से क्रिकेट अपनी जगह बना रहा है. यहां तक कि वर्ल्ड कप 2024 में अमेरिका ने वेस्टइंडीज के साथ मिलकर टूर्नामेंट की मेजबानी भी की थी. इस दौरान अमेरिका की टीम ने अपने पहले ही वर्ल्ड कप में पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम को हराकर अगले राउंड में जगह बनाई थी. इस टीम ने 2026 के वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लिया था. साथ ही देश में मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के रूप में टी20 लीग भी चल रही है.’

पॉन्टिंग ने बताई ये खास वजह

इसके बावजूद अमेरिका में क्रिकेट को अभी तक वो पहचान नहीं मिली है, जिससे ये पॉपुलर हो जाए. पॉन्टिंग का मानना है कि अमेरिका जैसे देशों में क्रिकेट से लोग अभी भी वाकिफ नहीं हैं और जिन्हें थोड़ा बहुत पता है, वो अभी भी इसे 5 दिन का बोरिंग खेल मानते हैं. पॉन्टिंग ने कहा, “अगर मैं इस खेल को प्रमोट करने और बेचने के उद्देश्य से अमेरिका में लेकर आ रहा होता तो इसे क्रिकेट नहीं कहता. इसे सिर्फ टी20 के रूप में प्रचारित किया जाता… मैं इसे बेसबॉल से तुलना करके दिखाता और बच्चों को ये समझने का मौका देता कि टी20 में तुम एक मैच में 15 छक्के मार सकते हो जबकि बेसबॉल में मुश्किल से एक होम रन लगता है.”

अमेरिका में ही ओलंपिक क्रिकेट

पॉन्टिंग के इस सुझाव में कितना दम है और ICC क्या इस सुझाव को अपनाएगी या नहीं, ये कहना मुश्किल है. मगर इतना साफ है कि ICC पूरा जोर लगाकर अमेरिका में क्रिकेट, खास तौर पर टी20 क्रिकेट को प्रमोट करना और सफल बनाना चाहती है. इसकी वजह अमेरिका में खेल का बड़ा बाजार और इसके आर्थिक फायदे हैं. यही वजह है कि ओलंपिक में टी20 फॉर्मेट में ही क्रिकेट की वापसी हो रही है और सबसे पहले इसे अमेरिका के लॉस एंजेलिस में होने वाले 2028 के ओलंपिक में शामिल किया गया है.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button