The Paradise Advance Booking Day 1: नानी की 'द पैराडाइज' का तहलका, BO पर बना डाला यह रिकॉर्ड

Published on 24 सित॰ 2026

नानी की ‘द पैराडाइज’ ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ा संकेत दे दिया है। एडवांस बुकिंग में फिल्म ने कई दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए नया मुकाम बना लिया है।

नानी की ‘द पैराडाइज’ को लेकर बना बज़ अब बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों में भी नजर आने लगा है। फिल्म की एडवांस बुकिंग ने शुरुआत से ही रफ्तार पकड़ी और आखिरी दिन टिकट बिक्री में अचानक तेज उछाल देखने को मिला। खास बात यह है कि इस प्री-सेल्स ट्रेंड ने फिल्म को 2026 की सबसे चर्चित ओपनिंग्स की लिस्ट में पहुंचा दिया है। नानी के लिए यह रिलीज कई मायनों में अहम है, क्योंकि फिल्म का स्केल और स्क्रीन काउंट दोनों बड़े हैं। अब असली सवाल यह है कि एडवांस बुकिंग का यह जोश रिलीज के बाद सिनेमाघरों में कितना बदलता है।

कितने शोज में रिलीज हुई 'द पैराडाइज'

तेलुगु एक्शन थ्रिलर ‘द पैराडाइज’ को भारत में कुल 10,084 शोज के साथ रिलीज किया गया है। यह नानी के करियर की अब तक की सबसे चौड़ी रिलीज है। फिल्म को किसी बड़ी तेलुगु रिलीज की गैरमौजूदगी का फायदा मिला, लेकिन इतना बड़ा स्क्रीन काउंट यह भी दिखाता है कि मेकर्स और एग्जिबिटर्स को नानी की स्टार पावर पर भरोसा है।

यह भी पढ़ें : The Paradise Movie Review: नानी की ‘द पैराडाइज’ में क्या है खास और कहां हुई बड़ी चूक?

'द पैराडाइज' के एडवांस बुकिंग से कितने टिकट बिके

पहले दिन की एडवांस बुकिंग के आखिरी अपडेट ने फिल्म की रफ्तार साफ कर दी। ‘द पैराडाइज’ ने ब्लॉक्ड सीटों को छोड़कर 9.78 लाख टिकट बेच डाले। इसके साथ ही फिल्म ने राम चरण की ‘पेद्दी’ को पीछे छोड़ दिया, जिसने 8.22 लाख टिकट बेचे थे। यानी 2026 में भारत में किसी तेलुगु फिल्म के लिए यह पहले दिन की सबसे ज्यादा टिकट बिक्री है।

ओपनिंग डे प्री-सेल्स से 'द पैराडाइज' ने कितनी कमाई की?

टिकट बिक्री का असर कमाई पर भी दिखा। ‘द पैराडाइज’ ने ओपनिंग डे की एडवांस बुकिंग से 20.41 करोड़ रुपए ग्रॉस जुटाए, जबकि नेट कलेक्शन 17.3 करोड़ रुपए रहा। 2026 की भारतीय फिल्मों में यह डे-1 एडवांस बुकिंग के मामले में पांचवां सबसे बड़ा आंकड़ा है और तेलुगु फिल्मों में दूसरे नंबर पर है।

यह भी पढ़ें : Salman khan की 'मॉन्स्टर’ का पहला बड़ा धमाका, रिलीज से पहले ही ऐसे कूटे 100 करोड़!

2026 की टॉप 5 डे-1 एडवांस बुकिंग में ‘द पैराडाइज’

  1. टॉक्सिक : 58.27 करोड़ रुपए
  2. धुरंधर 2 : 53 करोड़ रुपए
  3. जन नायकन : 22.26 करोड़ रुपए
  4. पेद्दी : 20.66 करोड़ रुपए
  5. द पैराडाइज : 20.41 करोड़ रुपए

4 दिन के वीकेंड की एडवांस बुकिंग भी मजबूत

चार दिन के एक्सटेंडेड ओपनिंग वीकेंड के लिए फिल्म ने अब तक 40.52 करोड़ रुपए ग्रॉस की प्री-सेल्स कर ली है। हालांकि, रिलीज के बाद वॉक-इन ऑडियंस का रिस्पॉन्स अहम होगा, खासकर इसलिए क्योंकि शुरुआती रिव्यू फिल्म के पक्ष में नहीं बताए जा रहे हैं। 'द पैराडाइज' का डायरेक्शन श्रीकांत ओडेला ने किया है, जबकि नानी के साथ इस फिल्म में कयादू लोहार, सोनाली कुलकर्णी, मोहन बाबू और राघव जुयाल जैसे कलाकारों ने भी काम किया है।