उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार अगले करीब साढ़े तीन महीनों में अलग-अलग सरकारी विभागों में एक लाख से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति देने की दिशा में काम कर रही है। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा पुलिस विभाग की भर्तियों का है। अकेले पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के जरिए 74,103 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और सहकारी संस्थागत सेवा मंडल की ओर से भी कई भर्ती परीक्षाओं के परिणाम तय समय सीमा में जारी करने की तैयारी है। इससे बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को सरकारी नौकरी मिलने का रास्ता साफ हो सकता है।
मुख्य सचिव की बैठक में भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा
हाल ही में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य की विभिन्न भर्ती संस्थाओं के अधिकारियों ने चल रही परीक्षाओं और परिणाम जारी करने की तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में भर्ती प्रक्रिया को तय समय के भीतर पूरा करने और लंबित परिणामों को जल्द जारी करने पर जोर दिया गया।
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से बताया गया कि अप्रैल से जून के बीच होमगार्ड, आरक्षी नागरिक पुलिस और अन्य पदों के लिए परीक्षाएं आयोजित की जा चुकी हैं। अब इन परीक्षाओं के परिणाम जारी करने की तैयारी चल रही है।
पुलिस विभाग में 74,103 पदों पर भर्ती
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के जरिए कुल 74,103 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसमें होमगार्ड के 41,424 पद और आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के 32,679 पद शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक होमगार्ड भर्ती का परिणाम 30 सितंबर तक, जबकि कांस्टेबल भर्ती का रिजल्ट 31 अक्टूबर तक जारी किए जाने का लक्ष्य है। परीक्षा दे चुके हजारों अभ्यर्थियों को अब इन परिणामों का बेसब्री से इंतजार है।
UPSSSC की भर्तियों में 25 हजार से ज्यादा नियुक्तियों की तैयारी
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी UPSSSC के जरिए भी अलग-अलग विभागों में भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। आयोग की ओर से करीब 25,194 युवाओं को 15 दिसंबर तक नियुक्ति दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके तहत कनिष्ठ सहायक के 54 पदों का परिणाम 31 अगस्त तक जारी होने की संभावना है। वहीं सम्मिलित कनिष्ठ सहायक समेत अन्य पदों के 5,369 पदों का रिजल्ट 10 सितंबर तक आ सकता है।
महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 5,272 पद, नक्शानवीस एवं मानचित्र के 283 पद और प्रवर्तन कांस्टेबल के 477 पदों के परिणाम 30 सितंबर तक जारी किए जाने की संभावना है।
इसके अलावा सहायक स्टोर कीपर और सहायक ग्रेड के 200 पदों का परिणाम 7 अक्टूबर, वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक के 709 पदों का रिजल्ट 15 अक्टूबर और लेखपाल के 7,994 पदों का परिणाम 10 नवंबर तक जारी किया जा सकता है।
आशुलिपिक के 1,557 पदों का रिजल्ट 30 नवंबर तक और कनिष्ठ सहायक के 3,279 पदों का परिणाम 15 दिसंबर तक आने की संभावना जताई गई है।
सहकारी संस्थागत सेवा मंडल में भी 2,200 पदों पर भर्ती
उत्तर प्रदेश सहकारी संस्थागत सेवा मंडल की ओर से भी भर्ती प्रक्रिया को तेज करने की तैयारी है। सम्मिलित सहकारी बैंकिंग एवं तकनीकी सेवा के करीब 2,200 पदों के लिए सितंबर और अक्टूबर के बीच परीक्षा आयोजित किए जाने की योजना है।
इन भर्तियों का अंतिम चयन परिणाम 30 नवंबर तक घोषित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
युवाओं को मिल सकती है बड़ी राहत
अगर भर्ती संस्थाओं की ओर से तय समय के मुताबिक परीक्षाओं और परिणामों की प्रक्रिया पूरी होती है, तो आने वाले महीनों में बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने का मौका मिलेगा। विधानसभा चुनाव से पहले सरकार की यह भर्ती प्रक्रिया नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम मानी जा रही है।