By Oneindia Staff
Published: Sunday, August 16, 2026, 19:02 [IST]
उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) प्रदेश में औद्योगिक अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत है। प्राधिकरण प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) डॉ. बलकार सिंह द्वारा जनपद कन्नौज स्थित औद्योगिक क्षेत्र इत्र पार्क का भ्रमण कर वहां संचालित विकास कार्यों एवं उपलब्ध अवस्थापना सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। भ्रमण के दौरान इत्र पार्क के समग्र विकास, बेहतर कनेक्टिविटी तथा उद्यमियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा इत्र पार्क की आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से कनेक्टिविटी सुनिश्चित किए जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को यूपीडा (UPEIDA) से प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर किए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्र में सुगम आवागमन एवं बेहतर संपर्क व्यवस्था विकसित करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर अग्रेतर कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित की जाए।
भ्रमण के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों, निवेशकों एवं आगंतुकों की सुविधा के दृष्टिगत पेट्रोल पंप, होटल तथा अन्य आवश्यक व्यावसायिक एवं नागरिक सुविधाओं के बारे में नियमानुसार परीक्षण किए जाने हेतु निर्देश दिए गए । मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने इन सुविधाओं के सुनियोजित विकास के लिए संबंधित अधिकारियों को समग्र रोडमैप तैयार कर समयबद्ध कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा क्षेत्रीय प्रबंधक, कानपुर को इत्र पार्क में भूखंडों के आवंटन से संबंधित समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण करते हुए उनका तत्काल एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि उद्यमियों एवं निवेशकों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
इसके अतिरिक्त, औद्योगिक क्षेत्र में गैस आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक मूलभूत एवं अवस्थापना सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने हेतु समस्त संबंधित अधिकारियों को जिला प्रशासन तथा संबंधित विभागों/एजेंसियों से प्रभावी समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
ये भी पढें: 'गा नहीं सकता, बुलडोजर चला सकता हूं', सीएम योगी ने कलाकार से क्यों कही ये बात, जानिए पूरी कहानी
मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. बलकार सिंह ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने एवं उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में यूपीसीडा द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का प्रभावी संचालन, उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण तथा उद्योग जगत के साथ नियमित संवाद प्राधिकरण की प्रमुख प्राथमिकताओं में सम्मिलित है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक इकाइयों से प्राप्त समस्याओं एवं सुझावों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, औद्योगिक क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर की जाए।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने निर्देशित किया कि इत्र पार्क को आधुनिक, सुविधासंपन्न एवं निवेश-अनुकूल औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं विभाग आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता एवं समयबद्धता से कार्यवाही सुनिश्चित करें।
यूपीसीडा द्वारा प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने, निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उद्योगों एवं औद्योगिक संगठनों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
ये भी पढें: UP में पनीर-घी-खोया बेचने वालों की बढ़ी टेंशन! योगी सरकार का बड़ा एक्शन, एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स पर बैन