Vande Mataram Row: भाजपा नेताओं ने सोनिया गांधी के खिलाफ कर्नाटक में दर्ज कराई शिकायत, वंदे मातरम का अपमान करने का आरोप

Published on 16 अग॰ 2026

Image

सोनिया गांधी के खिलाफ कर्नाटक में दर्ज कराई गई शिकायत।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के गायन के दौरान सोनिया गांधी के कथित इशारों को लेकर नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने इसे राष्ट्रीय गीत का अपमान करार दिया है। खुद अमित शाह ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत का अपमान करने का आरोप लगाते हुए देश की जनता और इसके रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर आत्मा से माफी मांगने को कहा। वहीं, अब मामले में भाजपा नेताओं ने सोनिया गांधी के खिलाफ मंगलुरु के उर्वा पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही राष्ट्रीय गीत का अपमान करने के लिए उनके खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा नेता विकास पुत्तूर ने दर्ज कराई शिकायत

इस शिकायत को लेकर भाजपा नेता विकास पुत्तूर ने आरोप लगाया कि 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण समारोह के दौरान जब वंदे मातरम् बजाया जा रहा था, तब सोनिया गांधी ने कार्यक्रम में हस्तक्षेप किया और पार्टी कार्यकर्ताओं को इसे रोकने के लिए कथित तौर पर इशारा किया।विकास पुत्तूर ने कहा कि पूरे देश ने कांग्रेस पार्टी की गतिविधियों को देखा है और भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस का वंदे मातरम् के प्रति लंबे समय से विरोध रहा है। उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी द्वारा कथित तौर पर वंदे मातरम् को रुकवाने या कार्यकर्ताओं को ऐसा करने का निर्देश देने का मामला दंडात्मक कार्रवाई के दायरे में आता है।

पुलिस नहीं करती कार्रवाई तो जाएंगे अदालत

उन्होंने उर्वा पुलिस स्टेशन में शिकायत देकर सोनिया गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेता ने कहा कि अगर पुलिस और राज्य सरकार कार्रवाई नहीं करती है तो वह अदालत का रुख करेंगे और इस संबंध में याचिका दायर करेंगे।

अमित ने बोला कांग्रेस पर हमला

कांग्रेस पर राष्ट्र गीत ’वंदेमातरम्’ का अपमान करने का आरोप लगाते हुये केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah Slams Congress) ने करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वंदे मातरम को भुला दिया है।’ उन्होंने कहा, ’’बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की वह अमर कृति, एक गान के दो शब्द वंदेमातरम्... भारत माता की मैं वंदना करता हूं.. यह बोलते-बोलते हजारों लाखों लोग फांसी के फंदे पर चढ़ गए थे, गोलियां खाई थीं, लाठियां खाईं, कई साल जेल में रहे, लेकिन वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने वंदेमातरम् को बुला दिया हैय़ उन्होंने कहा कि यह 150वां साल है वंदेमातरम् के प्राकट्य का... लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री मोदी ने वंदेमातरम् को फिर से एक नया आयुष्य देने का काम किया है और इनकी निर्लज्जला देखिए। कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय पर वंदेमातरम् का गान हो रहा था। चालू गान में कांग्रेस की नेत्री सोनिया जी ने कांग्रेस अध्यक्ष को गान रोकने का कहा है। हम टीवी पर देखते रह गए।

कांग्रेस पहले ही आरोपों को कर चुकी है खारिज

इस पूरे विवाद पर कांग्रेस पहले ही बीजेपी के आरोपों को खारिज कर चुकी है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश का कहना है कि पार्टी मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ का अपमान नहीं हुआ और गीत का गायन बीच में नहीं रोका गया। कांग्रेस के मुताबिक, कार्यक्रम में हुई घटना को बीजेपी ने गलत तरीके से पेश किया है। वहीं, बीजेपी लगातार कांग्रेस नेताओं से इस मामले में सफाई और माफी की मांग कर रही है।

Shiv Shukla

शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • India

End of Article