Zomato-Swiggy की टी-शर्ट पहनकर घर में घुसे, महिला की चेन छीनने लगे... एक आरोपी की मौत - India TV Hindi

Published on 30 सित॰ 2026

महाराष्ट्र के नागपुर में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना हुई। बेलतरोड़ी थाना के क्षेत्र में पृथ्वीराज नगर में एक मकान में महिला को लूटने आए 2 बदमाशों को भीड़ ने दबोच लिया और उनकी धुनाई कर दी। इस दौरान एक आरोपी वहां से भाग निकलने में कामयाब हो गया, लेकिन दूसरे को पकड़कर पिटाई की। लोगों ने जिस आरोपी को पकड़ा था, उसे पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस थाने में पहुंचने के बाद आरोपी ने कहा कि उसकी तबीयत खराब है जिसके बाद पुलिस उसे तुरंत मेडिकल हॉस्पिटल लेकर गई, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नकली डिलीवरी बॉय बनकर आए लुटेरे

पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे की है। डिलीवरी बॉय बनकर आए दोनों बदमाशों ने चाकू की नोक पर लूटपाट की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया। लेकिन शोर शराबा होने पर कुछ लोगों के हाथ आरोपी लग गया। मृतक की पहचान न्यू नरसाला निवासी सुमेध राजेंद्र गजभिए के रूप में हुई।

महिला को चाकू दिखाया, गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश

दरअसल, न्यू मनीष नगर स्थित मॉडल मिल समिति के उषा देवी दास धार्मिक के घर में 2 अज्ञात युवक घुस गए। एक युवक ने महिला के गले पर चाकू रखकर गहने छीनने की कोशिश की लेकिन महिला द्वारा विरोध किए जाने और शोर मचाने पर टूटा हुआ आधा मंगलसूत्र आरोपी के हाथ लग गया। अचानक घर में शोर सुनकर दूसरे कमरे में मौजूद उषा देवी की बहू हॉल में आई। आरोपियों ने उसे भी गहने और नगदी देने की धमकी दी। बहू ने चालाकी दिखाते हुए अपने बच्चों को कमरे में रखने के बहाने अंदर गई और भीतर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने तुरंत अपने पति और पड़ोसियों को घर में डकैती की सूचना दी।

डिलीवरी बॉय बनकर चेन लूटने पहुंचा था बदमाश।

Image Source : REPORTER INPUTडिलीवरी बॉय बनकर चेन लूटने पहुंचा था बदमाश।

घटनास्थल से कुछ दूरी पर टी-शर्ट बदल रहे थे आरोपी

सूचना मिलते ही उषा धार्मिक का बेटा अपने दोस्तों के साथ घर पहुंच गया। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। लोगों ने परिसर में लूटेरो की खोजबीन शुरू की, उस वक्त घटनास्थल से कुछ दूरी पर सुमित गजभिए और उसके मित्र दीपक पाटील डिलीवरी बॉय का टी-शर्ट बदल रहे थे। यह देख लोगों को शक हुआ और भीड़ ने उन्हें घेर लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य पर मजदूरी करते हैं, लेकिन कहां काम कर रहे वह स्थान दिखाने के बारे में पूछने पर दोनों हड़बड़ा गए, इससे से शक गहरा गया। लोगों को विश्वास हो गया कि यहीं दोनों लुटेरे हैं जिन्होंने उषा के घर लूटपाट की है।

एक आरोपी फरार, दूसरे को भीड़ ने घेरा

मौका पाकर दीपक तो वहां से फरार हो गया, लेकिन सुमित को लोगों ने घेर लिया। इस दौरान किसी ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही बेलतरोडी थाने की पुलिस वहां पर पहुंची और आरोपी की शिकायत पर थानेदार नाइकवाड उसे इलाज और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुमित को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने क्या कहा?

नागपुर के ज्वाइंट कमिश्नर नवीनचंद्र रेड्डी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सभी बातें स्पष्ट हो पाएगी। नागपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है, साथ ही साथ पूरी प्रक्रिया के तहत सीआईडी भी इसकी जांच करेगी।

वहीं, आपको बता दें कि पिछले साल ऐसा ही एक मामला पुणे से सामने आया था, जहां 'कूरियर डिलीवरी एजेंट' बनकर घर में घुसे बदमाश ने 25 वर्षीय युवती संग दुष्कर्म किया था। 

यह भी पढ़ें-

सुअर का बच्चा बचाने की कोशिश में पलटी बाइक, 2 युवकों की मौत-एक गंभीर; रोहित और मयंक थे परिवार के इकलौते सहारे

ATM फ्रॉड का नया तरीका! पट्टी चिपकाई, पैसे फंसाए, फिर चुपके से निकाल लिए; पुलिस ने 2 शातिरों को दबोचा

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।